रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। राजधानी में बीती रात दो अलग-अलग जगहों पर चोरी की वारदात सामने आई है। इनमें रावांभाठा स्थित वी एच कंपनी से 95 हजार का कॉपर वायर और घर के पास से बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331(4) का अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
खमतराई निवासी भरत ने पुलिस को बताया कि वह रावांभाठा स्थित वीएच कंपनी का संचालन करता है। 9 सितंबर की सुबह 7 बजे कंपनी में काम करने वाली लेबर निर्मला धु्रव ने फोन कर कंपनी में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद भरत कंपनी पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा मिला और कॉपर वायर सहित अन्य सामग्री गायब थी।
चोरों ने मशीन में लगे वायर काटकर 45 मीटर 50 एमएम एक-कोर कॉपर वायर, 9 मीटर 1.5 एमएम 16-कोर वायर और 9 मीटर 2 एमएम 3-कोर वायर चोरी किया। इसके अलावा वहां लगे सीसीटीवी कैमरा और वेल्डिंग मशीन के कॉपर वायर तथा स्टोर रूम में रखे स्पेयर कॉपर और कैमरा वायर चोर ले गए।
चोरी गए सामान की कीमत 95 हजार रुपए बताई गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार अज्ञात चोर रात 1 से 2 बजे के बीच कंपनी में घुसे और स्टोर रूम का ताला तोडक़र वायर चोरी कर ले गए।
दूसरी घटना खम्हारडीह के गायत्री नगर की है। राजीव ने बताया कि 7 सितंबर की रात शूटिंग से लौटने के बाद उन्होंने अपनी बाइक को घर के पोर्च में खड़ा किया और मेन गेट की कुंडी लगाकर अंदर चला गया। अगले दिन सुबह 9.30 बजे बाहर आने पर बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद सामने रहने वाले पड़ोसी के घर में लगे कैमरे की फुटेज चेक कराई गई।
फुटेज में अज्ञात व्यक्ति घर के मेन गेट की कुंडी खोलकर अंदर प्रवेश करने और चोरी कर ले जाने की जानकारी सामने आई। चोरी बाइक की कीमत 10 हजार रुपए बताई गई है। दोनों घटनाओं में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर चोरी गए सामान की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।