रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। कबीर नगर इलाके के सोनडोंगरी बीएसयूपी कॉलोनी में नशीली कफ सिरप के अवैध खरीद फराख्त के मामले में अदालत ने दोषियों को 15-15 साल की जेल की सजा सुनाई है। एनडीपीएस जज श्रीमती किरण थवाईत ने कल शाम नंदन मिश्रा, राहुल बंजारे, सुरेन्द्र सिंह, शुजा कुरैशी उर्फ सन्नी और उदित शर्मा को दोषी करार दिया है।
वकील बीएल साहू ने बताया कि घटना 25 अगस्त 2025 की है। कबीर नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोनडोंगरी बीएसयूपी कॉलोनी के पास दो लोग प्रतिबंधित नशीली सिरप रखे हैं और उसे बेचने ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई कर वहां नंदन मिश्रा और राहुल बंजारे को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान नंदन मिश्रा के बैग से नशीली सिरप की 30 शीशियां, प्रत्येक 100 एमएल, 3 लीटर और राहुल बंजारे के कब्जे से 70 शीशियां कुल 7 लीटर बरामद की गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सुरेन्द्र सिंह, उदित शर्मा और शुजा कुरैशी उर्फ सन्नी की भी संलिप्ता होना बताया। अभियोजन ने आरोप लगाया कि आरोपी आपस में मिलकर कोडिनयुक्त सिरप की खरीद-बिक्री करते थे और इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से कंपनियों से सिरप मंगाई जाती थी।शुजा कुरैशी उर्फ सन्नी और उदित शर्मा ने मेडिकल स्टोर के लाइसेंस की आड़ में प्रतिबंधित सिरप की खरीद-बिक्री की। पुराने ड्रग लाइसेंस के उपयोग सहित दस्तावेजों में हेरफेर और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन ने सात गवाहों के बयान दर्ज कराए। साथ ही मामले से जूड़े 70 दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किए, न्यायालय ने पांचों आरोपियों को मामले में दोषी ठहराते हुए 15-15 साल जेल और 2-2 लाख रूपए का जुर्माने की सजा सुनाई।