रायपुर
रायपुर, 11 सितंबर। आमानाका-कुकरबेड़ा इलाके में शुक्रवार सुबह तीन सांडों की लड़ाई के दौरान 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला उनकी चपेट में आ गई। महिला घर के बाहर ठेले से सब्जी खरीद रही थी। इसी दौरान बेकाबू सांडों की जोरदार टक्कर से वह सडक़ पर गिर गई। हादसे के बाद भी सांड आपस में लड़ते रहे और महिला के घर के अंदर तक घुस गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायल महिला की पहचान बरखा मोगरे के रूप में हुई है। हादसे में उनके कंधे पर गंभीर चोट आई है। परिजनों के अनुसार, बरखा मोगरे शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे घर के बाहर सब्जी खरीदने निकली थीं। वह ठेले के पास खड़ी होकर सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान पास में तीन सांड आपस में लडऩे लगे। कुछ ही देर में सांड बेकाबू हो गए और लड़ते हुए महिला की तरफ बढ़ आए। बरखा कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही एक सांड ठेले से जा टकराया। इसी दौरान महिला भी सांड की चपेट में आ गईं।