रायपुर

करोड़ों के कंसल्टेंसी खर्च पर रोक और टिकाऊ मास्टर प्लान बनाने में होगी मदद
11-Sep-2026 8:37 PM
करोड़ों के कंसल्टेंसी खर्च पर रोक और टिकाऊ मास्टर प्लान बनाने में होगी मदद

संदर्भ-नगर निवेश विभाग में 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 सितंबर। राज्य सरकार ने तीन दिन पहले ही में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में योजना शाखा के 21 सहायक संचालकों  की नियुक्ति और 9 नए जिला कार्यालयों का गठन करके शहरी नियोजन के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है।

राज्य निर्माण के इतिहास में विभाग में इतने बड़े पैमाने पर नए अधिकारियों की पदस्थापना और प्रशासनिक विस्तार पहली बार हुआ है।  सरकारी खजाने को मिलेगी बड़ी वित्तीय राहत वर्तमान व्यवस्था में पर्याप्त नियमित जनबल न होने के कारण शहरों के मास्टर प्लान और लैंड यूज़ सर्वे तैयार करने का काम बाहरी निजी कंसल्टेंसी फर्मों को आउटसोर्स किया जाता था।

 बाहरी निजी एजेंसियों को एक-एक शहर का मास्टर प्लान बनाने के लिए करोड़ों रुपये की भारी-भरकम कंसल्टेंसी फीस चुकानी पड़ती है। नई नियुक्ति से निजी कंसल्टेंट्स पर निर्भरता खत्म होगी। साथ ही विभागीय क्षमता का सीधा उपयोग हो  सकेगा।इन अधिकारियों को सीधे मास्टर प्लान बनाने की जिम्मेदारी देने से  स्थानीय जमीनी वास्तविकताओं के अनुरूप अधिक पारदर्शी योजनाएं बनेंगी।

मास्टर प्लान केवल कागज पर खींची गई रेखाएं या भूमि उपयोग (लैंड यूज) का आवंटन भर नहीं होता। किसी भी शहर की योजना तब तक सफल और व्यावहारिक नहीं हो सकती जब तक कि उसे सिविल इंजीनियरिंग के दृष्टिकोण से न बनाया जाए। इसलिए विभाग में सिविल इंजीनियरों को भी प्लैनर के रूप में शामिल करना अत्यंत अनिवार्य है।

 जहां केवल सैद्धांतिक योजना में शहर की सीमाएं और ज़ोनिंग तय कर दी जाती हैं, वहीं जब एक सिविल इंजीनियर प्लैनर के रूप में कार्य करता है, तो वह भू-भाग की ढलान (टोपोग्राफी), मिट्टी की भार वहन क्षमता ( सायल बियरिंग केपेसिटी ) और प्राकृतिक जल निकासी के सटीक वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर मास्टर प्लान तैयार करता है।केवल सैद्धांतिक रूप से खींची गई सडक़ों और सीवरेज नेटवर्क की काल्पनिक रेखाओं की तुलना में, सिविल इंजीनियर द्वारा तैयार किया गया प्लान वास्तविक ड्रेनेज क्षमता, हाइड्रोलिक फ्लो और निर्माण मापदंडों पर आधारित होता है, जिससे योजना कागजों से निकलकर धरातल पर सुचारू रूप से लागू हो पाती है। केवल दीर्घकालिक विजऩ प्रस्तुत करने वाले प्लान में अक्सर क्रियान्वयन के समय तकनीकी जटिलताओं के कारण बजट कई गुना बढ़ जाता है। इसके विपरीत, सिविल इंजीनियरिंग दृष्टिकोण से तैयार किए गए मास्टर प्लान में शुरू से ही टिकाऊ तकनीकों और व्यावहारिक एस्टीमेट का समावेश होता है, जो सरकारी धन के अपव्यय को पूरी तरह रोकता है।

नगर तथा ग्राम निवेश विभाग को  सशक्त बनाने सहायक संचालकों की भांति विभाग में सिविल इंजीनियरों को भी प्लैनर के पदों पर सीधे भर्ती कर तैनात किया जाए।


अन्य पोस्ट