रायपुर

अस्थि विसर्जन कर लौट रहे 3 को वाहन ने मारी ठोकर, एक मौत, 2 जख्मी
11-Sep-2026 2:37 PM
अस्थि विसर्जन कर लौट  रहे 3 को वाहन ने मारी ठोकर, एक मौत, 2 जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 11 सितंबर। अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर मोहन ढाबा के पास कल अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौत हो गई, वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वे राजिम स्थित त्रिवेणी संगम में परिजन का अस्थि विसर्जन कर लौट रहे थे।

रायपुर निवासी तीन लोग गुरुवार को राजिम स्थित त्रिवेणी संगम में अपने परिजन का अस्थि विसर्जन व पूजा-अर्चना करने के बाद एक्टिवा से रायपुर लौट रहे थे। इस दौरान अभनपुर के समीप मोहन ढाबा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी दुपहिया गाड़ी को टक्कर मार दी।

 दुर्घटना में हरिश्चंद्र वासुदेव की मौके पर ही मौत हो गई। एक्टिवा पर सवार अन्य दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार हेतु अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन तथा चालक की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट