रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 सितंबर। छत्तीसगढ़ में बसों का किराया 23 सितंबर से बढऩे के संकेत हैं। नई दरों को परिवहन वित्त विभाग ने हरी झंडी दे दी है और विधि विभाग परीक्षण (परिष्कृत) कर रहा है। उसकी मंजूरी के बाद 23 सितंबर को केबिनेट की अगली बैठक में नए किराए का अनुमोदन होते ही लागू कर दिया जाएगा।
मिली आधिकारिक जानकारी अनुसार परिवहन विभाग ने बस आपरेटरों के वृद्धि प्रस्ताव का आंकलन कर यात्री हित में निर्णय लिया है। इसके मुताबिक प्रथम 5 किमी की यात्रा के लिए 12 रूपए और उसके बाद प्रत्येक किमी पर 1.75 रूपए की दर तय की है। सामान्य यात्री बसों (यानी सीटिंग बस) के लिए यह दरें अनुकूल बनाईं गई है। इस बीच बस ऑनर्स फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने आज परिवहन मंत्री केदार कश्यप से उनके निवास पर मुलाकात की।
बैठक में फेडरेशन के संरक्षक एवं नान के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष अनिल पुसदकर एसटीए मेंबर शैलेंद्र भदौरिया, सचिव भावेश दुबे, नवशरण गर्चा, अजय गिल, अभिनीत, अनुराग शुक्ला सहित फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। बैठक में बस मालिकों की मांगों को गंभीरता से सुना और प्रत्येक मुद्दे के तकनीकी पक्ष पर भी चर्चा की।
फेडरेशन का कहना है कि अधिकारियों ने समस्याओं को समझने के साथ ही उनके समाधान को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया।
फेडरेशन ने कहा कि जब शासन स्तर पर उनकी मांगों को लेकर सकारात्मक सहमति बन गई है, तो यात्रियों को परेशान करने वाला कोई कदम उठाने का सवाल ही नहीं है।