रायपुर

लोधीपारा चौक पर बाधक अवैध फल दुकानों को हटाया पुलिस ने
09-Sep-2026 7:39 PM
लोधीपारा चौक पर बाधक अवैध फल दुकानों को हटाया पुलिस ने

कोतवाली चौक, जयस्तंभ चौक, मंडी गेट मार्ग पर अतिक्रमण मुक्त; जप्ती, जुर्माना और बुलडोजर कार्यवाही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 सितंबर। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान यातायात दबाव को नियंत्रित रखने  यातायात पुलिस एवं नगर निगम की टीम प्रहरी  संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रही है।इस दौरान सडक़ व फुटपाथ बाधित करने वाले 50 से अधिक दुकानदारों पर कार्यवाही करते हुए 4 ठेला, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, 5 फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त कर ?4,000 का अर्थदंड वसूला गया।  लोधीपारा चौक से मंडी गेट रोड पर 03 अवैध अस्थाई अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया। वहीं 11 दुकानों की अवैध प्रचार सामग्री जब्त की गई। कार्यवाही के उपरांत मार्ग पर जाम की समस्या समाप्त हुई और यातायात पूरी तरह सुचारू हो गया है। यातायात पुलिस ने सभी छोटे बड़े व्यापारियों से  कहा है कि  कार्रवाई से बचने सडक़, फुटपाथ और डिवाइडर पर सामान अथवा प्रचार सामग्री रखकर यातायात अवरुद्ध न करें।

गंदगी: तीन संस्थानों पर 8 हजार का ई-चालान

रायपुर, 9 सितंबर। नगर निगम जोन-9 स्वास्थ्य विभाग ने जनशिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुराना विधानसभा मार्ग स्थित तीन संस्थानों में स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर संबंधित संस्थानों पर कुल 8 हजार रुपये का ई-चालान किया गया। आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा एवं स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी ने सेफ किचन, अन्नपूर्णा बिल्डट्रॉनिक्स और होटल राजघराना का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राप्त जनशिकायत सही पाई गई और संस्थानों में गंदगी मिली। कार्रवाई के तहत सेफ किचन पर 2 हजार रुपये, अन्नपूर्णा बिल्डट्रॉनिक्स पर 1 हजार रुपये और होटल राजघराना पर 5 हजार रुपये का ई-चालान किया गया।

नक्शे के विपरीत द्वितीय तल का निर्माण, तोड़ा गया

रायपुर, 9 सितंबर। नगर निगम जोन 3 अमले ने शंकरनगर वार्ड में नक्शा स्वीकृति के विपरीत द्वितीय तल पर हुए निर्माण पर कार्रवाई की। इसी तरह से किस्टल आर्केड के सामने अनुमति से अधिक किये गये अतिरिक्त निर्माण को भी तोड़ा गया।जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन एवं ईई  ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता  नरेश कुमार साहू की उपस्थिति में की गई।

जोन 3 आयुक्त पर 100 रुपए का जुर्माना 

रायपुर, 9 सितंबर। सेवा सेतु पोर्टल के अंतर्गत ऑनलाइन प्राप्त आवेदन में निगम जोन 3 के जोन आयुक्त श्रीमती प्रीति सिंह पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 100 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। एक हितग्राही का राशन कार्ड में बनाने का आवेदन प्राप्त हुआ था। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत इसके लिए 30 दिन की समय सीमा निर्धारित है। परंतु निर्धारित समय सीमा के भीतर नाम सुधार का कार्य पूर्ण नहीं किया गया, जिसके कारण जोन आयुक्त के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सभी विभाग लोक सेवा गारंटी अधिनियम का अनिवार्य रूप से पालन करें।


अन्य पोस्ट