रायपुर

प्रदेश कांग्रेस में बड़े बदलाव के आसार
07-Sep-2026 6:46 PM
प्रदेश कांग्रेस में बड़े बदलाव के आसार

प्रभारी सचिवों की जगह नई नियुक्ति?

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की नियुक्ति के बाद संगठन में बड़े बदलाव के आसार नजर आ रहे हैं। इस कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल खत्म होने के बाद नई नियुक्ति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। बताया गया है कि जल्द ही एआईसीसी प्रभारी सचिवों की नियुक्ति कर सकती है और छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों को भी बदला जा सकता है।

झारखंड के आदिवासी नेता सुखदेव भगत को सचिन पायलट की जगह प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। पायलट करीब ढाई साल तक प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रहे। वर्तमान में तीन प्रभारी सचिव जारिता लैटफलांग, संपत कुमार और विजय जांगिड़ हैं। इनमें विजय जांगिड़ की नियुक्ति को चार साल हो चुके हैं। चर्चा है कि एआईसीसी जल्द ही प्रभारी सचिवों की सूची जारी कर सकती है। इसमें छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों को भी इधर-उधर किया जा सकता है।

दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल खत्म हो चुका है। आदिवासी समाज से प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति के बाद इन चर्चाओं को बल मिला है कि बैज का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जाएगा। इसकी वजह पार्टी की ओर से नियुक्तियों में सामाजिक समीकरणों को विशेष महत्व दिया जाना बताया जा रहा है। वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ओबीसी वर्ग से आते हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद पर सामान्य या अनुसूचित जाति वर्ग के नेता की नियुक्ति की जा सकती है।

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री डॉ. शिव डहरिया अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं। डॉ. डहरिया प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं और ऐसे में वह भी अध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि युवक कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव चल रहा है और इस वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना की भी चर्चा है। ऐसे में सामाजिक समीकरण के लिहाज से सिंहदेव की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।

हालांकि अध्यक्ष पद के लिए पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और पूर्व मंत्री उमेश पटेल के नाम भी चर्चा में हैं। कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की भी संभावना जताई जा रही है। छत्तीसगढ़ में पहले भी कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाते रहे हैं। सब कुछ अनुकूल रहा तो अगले डेढ़ से दो महीने के भीतर प्रदेश कांग्रेस संगठन में बदलाव हो सकता है।


अन्य पोस्ट