रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 सितंबर। अभनपुर में नगदी लूट के लिए हुई हत्या का खुलासा हो गया है। पुलिस ने 3 लडक़ों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग है। महज 1000 हजार रुपए लूटने के लिए चारों ने मिलकर हत्या कर दी।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान वेदप्रकाश ध्रुव और छविराम जांगड़े के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नाबालिग को इस हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आरोप है कि महज एक हजार रुपये लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार मानिकचौरी गांव में देवाराम साहू का शव संदिग्ध हालत में मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक निरीक्षण में मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि मृतक देवाराम साहू जुए की फड़ में रुपये फाइनेंस करने का काम करता था। इसी वजह से उसका कई लोगों से संपर्क था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों, परिचितों और वारदात से पहले उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग, वेदप्रकाश ध्रुव और छविराम जांगड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में हत्या से जुड़े अहम तथ्य सामने आए। प्रारंभिक जांच में दावा किया गया है कि नाबालिग ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर देवाराम साहू से लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों को उम्मीद थी कि उसके पास बड़ी रकम होगी। वारदात के दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर देवाराम साहू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने देवाराम साहू के पास मौजूद रुपये लूट लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के हाथ केवल एक हजार रुपये लगे। इतनी मामूली रकम के लिए हत्या किए जाने की बात सामने आने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी नशे के आदी हैं।