रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 सितंबर। राजधानी के डीडीनगर, उरला और देवेंद्रनगर इलाके में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के तीन मामले सामने आए हैं। इस दौरान आरोपियों ने हाथ-मुक्का, ईंट और चाकू, लकड़ी के बत्ते से मारपीट की। तीनों ही मामले में पुलिस ने आरोपियों ने खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
विप्र नगर, रायपुरा निवासी रवि हुकरे ने शिकायत में बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है और पिछले करीब एक वर्ष से राकेश सिंह के निर्माणाधीन मकान में रहकर काम कर रहा है। 6 सितंबर की शाम 5.30 बजे सिद्धार्थ देवांगन ने मकान का मलमा नाली जाम होने की बात कहते हुए उसे नाली साफ करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। सिद्धार्थ ने गाली-गलौज करते हुए रवि से मारपीट शुरू कर दी। उसने ईंट से भी हमला किया। इस दौरान राज कुकरेजा, साक्षी देवांगन और संगीता देवांगन भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। इस दौरान साक्षी पर लोहे का चापड़ लेकर धमकाने लगे। घटना में रवि की बाएं हाथ की कलाई में चोट आई।
उधर उरला के कैलाश नगर, बीरगांव निवासी संजय ने बताया कि रविवार शाम 7 बजे संजू और मनीष ने उसे घर से बाहर बुलाया। दोनों ने लक्की साहू के साथ घूमने की बात को लेकर गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का तथा लकड़ी के बत्ते से मारपीट की।
एसी रिपेयरिंग का काम करने वाले निखिल ने शिकायत में बताया कि 6 सितंबर को दोपहर1.30 बजे पंडरीतराई स्थित पुराने शीतला मंदिर के पास वह यूथ कांग्रेस की सदस्यता दिलाने का काम कर रहा था। इसी दौरान रोहित तांडी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर रोहित ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चाकू से निखिल की कमर के पीछे तथा दाहिने हाथ की हथेली के पास वार कर दिया। इस हमले में निखिल घायल हो गया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस शिकायत पर धारा 115(2), 119(1), 296 और 351(2) का अपराध दर्ज किया है।