रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ से वर्ष 2026 के राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने वाली एकमात्र शिक्षिका सुनीता यादव को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सम्मानित किया। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी की शिक्षिका सुनीता यादव को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, नवाचार और विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में राष्ट्रपति ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर चयनित शिक्षकों के अनुकरणीय कार्यों पर आधारित लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किए गए।
खेल-खेल में शिक्षा और नवाचार सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में सुनीता यादव ने शिक्षा को पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने साहित्य, तकनीक, रचनात्मकता और अनुभव आधारित गतिविधियों को शिक्षण का माध्यम बनाया। कक्षा में पीछे रहने वाले बच्चों को मुख्यधारा से जोडऩे और उनमें सीखने की रुचि विकसित करने के लिए खेल-खेल में शिक्षा तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाया।
कठिन विषयों को सहज ढंग से समझाने के लिए सुनीता यादव स्वयं और विद्यार्थियों के अभिनय वाली लघु फिल्में तैयार कर उनका उपयोग शिक्षण में करती हैं। इसके साथ ही दीक्षा एप, स्टोरीवीवर, ऑडियो बुक, पॉडकास्ट, ब्लॉगिंग और स्मार्ट क्लास जैसे तकनीकी माध्यमों का उपयोग करती हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ रोजगारमूलक जानकारी और डिजिटल साक्षरता को भी जोडऩे की पहल की है।