रायपुर
शराब-गांजा के लिए पैसा देने से मना करने पर छात्र की स्कूटी में तोडफ़ोड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 सितम्बर। डीडी नगर और सिलतरा चौकी इलाके में बीते दिनों मारपीट और धमकी के मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। इनमें इंद्रप्रस्थ बीएसयूपी कॉलोनी में मां-बेटी को मोहल्ले से भगाने के लिए जान की धमकी और सिलतरा में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर 11वीं के छात्र के साथ नेशडिय़ों ने हाथ-मुक्कों से मारपीटकर उसकी गाड़ी में तोडफ़ोड़ कर दी। दोनों ही मामले में पुलिस ने 3(5)308 और 309 का अपराध दर्ज किया है।
नीतू जोगी ने बताया कि वह अपनी मां लक्ष्मी जोगी के साथ इंद्रप्रस्थ बीएसयूपी कॉलोनी, रायपुरा में रहती हैं। नीतू अश्वनी नगर स्थित शुभम के मार्ट में काम करती है। मोहल्ले के खेमलाल मानिकपुरी और अन्य लोग उन्हें कॉलोनी में नहीं रहने और मकान छोडऩे के लिए कहकर आए दिन झगड़ा-विवाद करते थे।
नीतू ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त की रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच वह अपनी मां के साथ घर जा रही थीं। इसी दौरान खेमलाल मानिकपुरी और अन्य लोग उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मां-बेटी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
आरोपियों की धमकी से डर के कारण उन्होंने तत्काल रिपोर्ट नहीं की और 4 सितंबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सिलतरा चौकी के ग्राम सांकरा में शराब-गांजा पीने के लिए पैसे देने से इनकार करने पर 11वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट और उसकी बाइक में तोडफ़ोड़ हो गई।
राज ब्रह्मदेव ने पुलिस को बताया कि वह कक्षा 11वीं में पढ़ाई करता है। 4 सितंबर को वह अपने पिता की बाइक से कपड़ा खरीदने ग्राम सांकरा स्थित यश जींस कॉर्नर गया था। दोपहर 2 बजे कपड़े खरीदकर घर लौटते समय वह लुकवा तालाब के पास पहुंचा।
इसी दौरान ग्राम सांकरा के शत्रुहन टंडन, नागेश सायतोडे, अंशु सायतोडे और उनके एक अन्य साथी ने उसकी बाइक जबरन रोक ली। चारों ने शराब-गांजा पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने किसी नुकीली वस्तु से उस पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल में भी तोडफ़ोड़ कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।