रायपुर
रायपुर, 5 सितम्बर। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ एक-दो स्थानों पर बारिश होने की आशंका जताई है।
वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत दिए है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
रायपुर शहर में 40 मिमी, माना एयरपोर्ट में 20 मिमी और लाभांडी में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश थमने के बाद शुक्रवार को राजनांदगांव का अधिकतम तापमान बढक़र 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
इस बीच, 4 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में मानसून के दौरान बारिश सामान्य के आसपास रही है। राज्य में 949.6 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि इस अवधि का सामान्य आंकड़ा 972.7 मिमी है।