रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नई दिल्ली/रायपुर, 4 अगस्त। किसी क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि बेहतर सोच, प्रभावी प्रशासन और जमीनी स्तर पर किए गए निरंतर प्रयासों से आता है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला अंतर्गत गुंडरदेही विकासखंड में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए ऐसे ही प्रयासों और नवाचारों को अब राष्ट्रीय पहचान मिली है।
वर्ष 2024-25 में गुंडरदेही के विकासखंड शिक्षा अधिकारी के रूप में पदस्थ रहे नवीन कुमार यादव को शैक्षिक प्रशासन में नवाचार एवं नवोन्मेष के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। वर्तमान में लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ में सहायक संचालक के रूप में पदस्थ नवीन यादव को यह सम्मान गुंडरदेही में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में किए गए उनके कार्यों के लिए मिला है।
यह सम्मान इसलिए भी खास है क्योंकि यह किसी सामान्य प्रशासनिक उपलब्धि के लिए नहीं, बल्कि शैक्षिक प्रशासन में किए गए नवाचार और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का प्रमाण है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा प्रशासन के स्तर पर किए जा रहे ऐसे प्रयासों को सामने लाने और उन्हें प्रोत्साहित करने का कार्य किया जाता है, जो विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता और उसके परिणामों में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं।
गुंडरदेही में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए नवीन यादव ने शिक्षा प्रशासन को केवल विभागीय योजनाओं और निर्देशों के क्रियान्वयन तक सीमित रखने के बजाय उसे विद्यालय, शिक्षक और विद्यार्थी की वास्तविक जरूरतों से जोडऩे पर जोर दिया। उनके कार्यकाल में विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने, विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में कार्य किया गया। शिक्षा व्यवस्था में नई कार्यपद्धतियों और नवाचारों को स्थान देने की इसी सोच ने गुंडरदेही के स्थानीय स्तर के प्रयासों को व्यापक पहचान दिलाई। नवीन यादव की कार्यशैली में प्रशासन और शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर रहा। उनका प्रयास रहा कि शिक्षक केवल निर्देशों के अनुपालन तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यालय और विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इसी तरह विद्यालयीन व्यवस्था में भी ऐसे वातावरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया, जहां विद्यार्थी बेहतर ढंग से सीख सकें और शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य धरातल पर दिखाई दे।
स्थानीय जरूरतों से निकला नवाचार, राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा
शिक्षा क्षेत्र में किसी नवाचार की वास्तविक सफलता तभी मानी जाती है, जब उसका प्रभाव जमीन पर दिखाई दे। गुंडरदेही में किए गए प्रयासों की खासियत यही रही कि इन्हें स्थानीय परिस्थितियों और विद्यालयों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया गया। नवीन यादव ने अपने प्रशासनिक दायित्व के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की कार्यक्षमता, विद्यालयीन वातावरण और विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम को केंद्र में रखकर कार्य करने की दिशा में प्रयास किए। यही वजह रही कि स्थानीय स्तर पर किए गए इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर प्रस्तुत किए जाने योग्य माना गया।