रायपुर

पीएससी 25 के साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों के चयन पर उठी उंगली
03-Sep-2026 7:07 PM
पीएससी 25 के साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों के चयन पर उठी उंगली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 सितम्बर। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 21 जहां सीबीआई, ईडी के जांच के दायरे में है वहीं मेंस 2025 के साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों के चयन पर प्रश्न चिन्ह उठने लगे हैं। मेंस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू के लिए चयनितों की कुल संख्या को नियमों के विपरीत बताया है। सभी अभ्यर्थी इसे लेकर  आयोग अध्यक्ष से  मिलने पहुंचे।

उनका कहना है कि साक्षात्कार हेतु निर्धारित अनुपात का पालन: नियमत: कुल विज्ञापित पदों (265) के विरुद्ध न्यूनतम तीन गुना (795) अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के लिए होना चाहिए। इसके विपरीत मात्र 608 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। अत: चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए न्यूनतम तीन गुना अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाए।

इसी तरह से उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन: मुख्य परीक्षा के समस्त प्रश्नपत्रों का उदारतापूर्वक पुनर्मूल्यांकन किया जाए, ताकि अन्य योग्य प्रतिभागियों को भी साक्षात्कार में भाग लेने का अवसर मिल सकें द्य यह जानकारी देते हुए विनय देवांगन ने बताया कि वे सभी दोपहर नवा रायपुर स्थित आयोग पहुंचे। जहां अध्यक्ष ने मिलने से इंकार किया। और सचिव ने पूरी बात सुनने के बाद स्वयं को सक्षम अधिकारी नहीं माना। इसके बाद अभ्यर्थी अध्यक्ष से मुलाकात करने आयोग के दफ्तर में भी डटे रहे। उनका कहना है कि अध्यक्ष से मुलाकात कर ही जाएंगे। आयोग ने दफ्तर में पुलिस भी बुला लिया है।

अंतिम चयन के लिए इंटरव्यू के पहले अभ्यर्थियों के इस कदम से आयोग में हडक़ंप मच गया है। आयोग ने 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक इंटरव्यू का टाइम टेबल जारी करते हुए इंटरव्यू बोर्ड का भी गठन कर दिया है। इंटरव्यू के दौरान किसी अभ्यर्थी की पहचान उजागर नहीं होने आयोग ने व्यवस्था की है। हर अभ्यर्थी को नंबर दिया गया है। उसी आधार पर इंटरव्यू बोर्ड सदस्य अभ्यर्थियों को नंबर देंगे। इसके बाद ही 265 पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।

आयोग स्थिति स्पष्ट करे- उज्जवल

दूसरी ओर भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने अभ्यर्थियों के संदेह को टैग कर अपने ट्वीट में आयोग से आज ही स्थिति स्पष्ट करने कहा है।


अन्य पोस्ट