रायपुर
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 सितंबर। श्री दिगम्बर जैन आदीश्वरधाम नवोदय तीर्थ, बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, में धार्मिक कार्यक्रम जारी है। गुरुवार को प्रात: विनय कुमार जैन, श्रीमती सरोज जैन, अदिश जैन, श्रीमती अंजना जैन एवं आनवी जैन, विमल कुमार जैन, श्रीमती सुषमा जैन एवं अंशुल जैन परिवार ने आज प्रात मूलनायक भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, त्रिकाल चौबीसी में प्रतिमा विराजमान किया।
इसके बाद मुनि श्री आगम सागर की तत्त्वार्थ सूत्र एवं छह ढाला की कक्षा आयोजित की गई।, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वाध्याय का लाभ लिया।
मुनि श्री ने प्रवचन में बताया कि ख्याति, पूजा और लाभ की लालसा ही मिथ्या चारित्र है। इसी मिथ्या चारित्र के कारण जीव बार-बार इस संसार चक्र में जन्म लेकर असीम कष्ट भोगता है। आत्मा का वास्तविक हित सच्चा सुख प्राप्त करने में है, और सच्चा सुख वही है जो आकुलता से रहित हो। पूज्य मुनि श्री ने स्पष्ट किया कि संसार के समस्त सुखों में आकुलता जुड़ी हुई है। चाहे मनुष्य गति हो, देव गति हो या पशु गति, आकुलता हर जगह विद्यमान है। केवल मोक्ष मार्ग ही एक ऐसा मार्ग है जो पूर्णत: आकुलता से रहित है। सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र ही मुक्ति की मंजिल तक पहुंचने के एकमात्र साधन हैं।
यह जानकारी अध्यक्ष, ट्रस्टी नरेंद्र जैन ,प्रभात जैन,सनत जैन, भरत जैन,संजय जैन,संजय नायक,दिलीप जैन ने संयुक्त रूप से दी।