रायपुर
पंडरी में दर्ज एक मामले में आरोपी को 15 साल कैद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 सितंबर। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की तैयारी कर रहे दो युवकों को 16.8 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं पांच साल पुराने गांजा और नशीली कफ सिरप तस्करी के मामले में विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने आरोपी जायद हुसैन उर्फ शाहरुख को दोषी ठहराते हुए 15 वर्ष के सश्रम कारावास और 1.50 लाख रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।
न्यू राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालपुर केनाल रोड ओवरब्रिज के नीचे यात्री प्रतीक्षालय के पास दो युवक बैग में गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने अरबाज खान 23, निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश और मोहम्मद कैफ 20, निवासी जयपुर, राजस्थान को पकड़ा।
तलाशी के दौरान दोनों के बैग से पैकेट बरामद हुआ। अरबाज के कब्जे से 8.367 किलो गांजा कीमत 84 हजार रुपए और मोहम्मद कैफ के कब्जे से 8.463 किलो गांजा, जिसकी कीमत 85 हजार बताई गई है। पुलिस ने बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के मलकानगिरी से लाना बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है।
दूसरे मामले में 15 साल पहले पंडरी थाना में दर्ज गांजा और नशीली सिरप के बेचते पकड़े गए आरोपी को विशेष न्यायाधीश किरण थवाईत की अदालत ने जायद हुसैन उर्फ शाहरुख को दोषी ठहराया है। आरोपी को 15 साल की सजा दी है।
21 मई 2021 को पंडरी पुलिस को सूचना मिली थी कि दलदल सिवनी के ईरानी डेरा स्थित मकान में गांजा और नशीली कफ सिरप बिक्री के लिए रखी गई है।
पुलिस कार्रवाई में आरोपी के मकान से 6.5 किलो गांजा, ओनारेक्स कफ सिरप की 55 शीशियां और दो धारदार चाकू बरामद किए गए थे।
अदालत ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(बी) के तहत 10 वर्ष का सश्रम कारावास व एक लाख रुपए अर्थदंड, धारा 21(सी) के तहत 15 वर्ष का सश्रम कारावास व 1.50 लाख रुपए अर्थदंड और धारा 25 के तहत 3 वर्ष का सश्रम कारावास से अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड नहीं चुकाने पर अतिरिक्त कारावास का भी प्रावधान किया गया है।