रायपुर

बीज निगम के जीएम का फर्जी हस्ताक्षर कर नियुक्ति पत्र,अज्ञात पर धोखाधड़ी दर्ज
02-Sep-2026 6:19 PM
बीज निगम के जीएम का फर्जी हस्ताक्षर कर नियुक्ति पत्र,अज्ञात पर धोखाधड़ी दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 सितंबर। राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक विनोद कुमार वर्मा के हस्ताक्षर को स्क्ैन कर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने के मामले में तेलीबांधा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

विनोद कुमार वर्मा ने शिकायत में बताया कि वे अक्टूबर 2024 से छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के बीज भवन, तेलीबांधा चौक स्थित कार्यालय में महाप्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। 29 अगस्त की रात 9.30 बजे उनके व्हाट्सअप नंबर पर एक व्यक्ति ने नियुक्ति पत्र की फोटो भेजी। महाप्रबंधक ने नियुक्ति पत्र को देखने के बाद इसे फर्जी बताया।

फर्जी पत्र में हेमंत साहू, निवासी हांडापारा, कसडोल को छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किए जाने का उल्लेख था। नियुक्ति पत्र में महाप्रबंधक के हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि पत्र में कोई क्रमांक और दिनांक दर्ज नहीं था।

विनोद कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि पिछले दो वर्षों में निगम ने डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए कोई भर्ती आवेदन आमंत्रित नहीं किया  है। न ही ऐसा कोई नियुक्ति आदेश जारी हुआ है। ऐसे में फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर उनके हस्ताक्षर और पदनाम का दुरुपयोग किया गया।

पुलिस ने शिकायत आधार पर अपराध दर्ज किया है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट