रायपुर

वर्तमान पर फोकस करें, निरंतर सीखते रहें और समाज के लिए योगदान दें-डेका
02-Sep-2026 6:13 PM
वर्तमान पर फोकस करें, निरंतर सीखते रहें और समाज के लिए योगदान दें-डेका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 सितंबर। संत गोबिंदराम शदाणी शासकीय कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय, में वर्ष 2026-27 में नवप्रवेशित छात्राओं का दीक्षारंभ कार्यक्रम आज राज्यपाल  रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में  हुआ। इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्राओं का राज्यपाल ने सम्मान भी किया। श्री  डेका ने  कहा कि इस महाविद्यालय में कदम रखते ही छात्राएं उस गौरवशाली परंपरा की उत्तराधिकारी बन गई हैं, जिसने दशकों से बालिकाओं को ज्ञान और शिक्षा का प्रकाश प्रदान किया है।राज्यपाल ने कहा कि जीवन सतत सीखने की प्रक्रिया है और हम जीवनभर विद्यार्थी बने रहते हैं। वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करते हुए कठोर परिश्रम करना चाहिए। निरंतर प्रयासों से भविष्य निश्चित रूप से बेहतर बनेगा।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि  शिक्षकों को भी अपने आचरण और व्यवहार से विद्यार्थियों के सामने ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, जिससे वे उनसे प्रेरणा ले सकें। इस अवसर पर विधायक  पुरंदर मिश्रा, संत  युधिष्ठिर लाल, महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती उषा किरण अग्रवाल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।


अन्य पोस्ट