रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। बुधवार को श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (मालवीय रोड) एवं श्री दिगंबर जैन आदीश्वरधाम नवोदय तीर्थ मूलनायक भगवान के पावन अभिषेक एवं शांतिधारा हुई। बडज़ात्या परिवार से राजकुमार, विनोद, दिलीप, रासु एवं संजना जैन ने मूलनायक भगवान का अभिषेक व शांतिधारा की ।
मुनि श्री आगम सागर का आहारदान श्रीमती मंजूदेवी कैलाशचंद्र एवं श्रीमती अर्चना विशाल पंड्या (गोल बाजार) ,मुनि श्री पुनीत सागर को रोशनी दीदी एवं शौर्य दीदी के यहाँ हुई।
एलक श्री धैर्य सागर को श्रीमती प्रज्ञा माधव जैन एलक श्री स्वागत सागर का आहारदान श्रीमती पुष्पादेवी बंशीलाल जैन के यहाँ हुआ।
आज धर्मसभा में मुनि श्री आगम सागर ने श्रद्धालुओं को तत्त्वार्थ सूत्र एवं छह ढाला ग्रंथों का स्वाध्याय कराया। मुनिश्री ने आत्मा और अनात्मा के भेद-विज्ञान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो लोग केवल बाह्य भेष धारण कर शारीरिक तपस्या में लीन रहते हैं, परंतु जिन्हें आत्मा का वास्तविक बोध नहीं है, वे केवल अपने शरीर को तपा रहे हैं। बिना आत्म-ज्ञान के कठिन तपस्या से भी मुक्ति की प्राप्ति संभव नहीं है।
मुनिश्री ने प्रवचन के मुख्य सिद्धांतों को स्पष्ट करते हुए कहा कि जिस जीव को यह विवेक जागृत हो जाता है कि आत्म-कल्याण के लिए किस मार्ग पर चलना है और जिसे आत्मा व अनात्मा का भेद समझ आ जाता है, उसे विशुद्ध पुण्य और सम्यक ज्ञान की प्राप्ति होती है।यह जानकारी समयोपदेश वर्षायोग के अध्यक्ष नरेंद्र जैन गुरु कृपा, भरत जैन भोरावत, प्रभात जैन, सनत जैन,सचिव राजेश जैन ने संयुक्त रूप से दी।