रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 सितंबर। पुराना विधानसभा इलाके में होटल बुकिंग और मेंबरशिप के नाम से एक डॉक्टर से 96,689 रुपए की साइबर ठगी हो गई। होटल मैरियट में कमरा बुक कराने गुगल पर नम्बर सर्च किया था। शिकायत पर पुलिस ने मामले में 318-4 का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीआईपी सिटी सड्डू निवासी सोनल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी अस्पताल में डॉक्टर हैं। 27 अगस्त की शाम उसने 28 और 29 अगस्त के लिए मैरियट होटल में कमरा बुक करया था। इसके लिए उसने गूगल से होटल का नंबर सर्च कर संपर्क किया। जिसके कुछ देर बाद अज्ञात पम्बर से व्यक्ति ने फोन किया। उसने अपना नाम निशांत अग्रवाल बताया और खुद को होटल का कर्मचारी बताया।
आरोपी ने होटल की मेंबरशिप लेने पर कम दर में कमरा बुक होने का झांसा दिया। इसके बाद 4,400 रुपए का भुगतान करने के लिए कहा गया। इसके बाद आरोपी ने क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी भेजी। भुगतान के बाद आरोपी ने राशि वापस करने के नाम पर ओटीपी मांगा। और इसे मेंबरशिप कार्ड के लिए जरूरी प्रक्रिया बताते हुए भरोसा दिलाया।
इसके बाद आरोपी ने दो और ट्रांजेक्शन कराए और उनके ओटीपी भी लिए। जिसके बाद डॉक्टर के मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का मैसेज आना बंद हो गया। कुछ देर बाद मैसेज मिलने पर सोनल ने देखा की उसके के्र डिट कार्ड से 96,689 रुपए काट ली गई है।
शक होने पर उसने अज्ञात नम्बर पर कॉल करना चाहा लेकिन फोन बंद आया। इसके बाद उसने मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी और क्रेडिट कार्ड लेन-देन की जांच कर पुराना विधानसभा थाना जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है।