रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 सितंबर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी ने नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश संगठन में बदलाव का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही खबरें निराधार हैं।
किरण देव 29 जुलाई को सडक़ दुर्घटना में घायल होने के बाद दिल्ली में उपचार करा रहे थे। उन्हें मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वे फिलहाल छत्तीसगढ़ सदन में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और वे जल्द ही पूरी सक्रियता के साथ कार्यकर्ताओं के बीच लौटेंगे।
डॉ. मिश्रा ने एक बयान में कहा कि अस्वस्थ होने के बावजूद किरण देव लगातार वर्चुअल बैठकों के माध्यम से संगठन का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’, ‘तिरंगा यात्रा’ और ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों से भी जुड़े रहकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। चिकित्सकीय बुलेटिन के हवाले से डॉ. मिश्रा ने बताया कि किरण देव के कमर के निचले हिस्से में छोटा फ्रैक्चर था, जिसके लिए सफल सर्जरी की गई। अब फ्रैक्चर तेजी से ठीक हो रहा है और उनकी रिकवरी संतोषजनक है। पार्टी के मुताबिक वे जल्द रायपुर लौटकर प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व पूरी ऊर्जा के साथ संभालेंगे।
इससे परे उनके स्थान पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व उपसभापति नारायण चंदेल या सांसद संतोष पांडेय को प्रदेश संगठन की कमान सौंपे जाने की चर्चाओं को भी पार्टी ने स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है।