रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 अगस्त। लाखों की उधारी रकम के के विवाद में मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार गिरफ्तार किए गए हैं।
देवेन्द्र नगर पुलिस ने बताया कि हसनैन सिद्दिकी एवं असजद खान दोनों दोस्त हैं तथा राजातालाब में रहते हैं। रविवार को दोपहर लगभग 12:30 बजे घर के पास पहुंचने पर हसनैन के मोबाइल पर अब्दुल हकीम ने फोन कर उसने 1,00,000 रूपए की मांग की। इस पर हसनैन द्वारा उसके पूर्व में लिए गए 2 लाख रूपये वापस करने की बात कहने पर हकीम ने दोनों को देवेन्द्र नगर मुक्तिधाम के सामने मिलने बुलाया। दोनों के वहां पहुंचने पर हकीम के साथ हुसैन उर्फ बिट्टू, जावेद एवं सोनू भी मौजूद थे। हकीम ने 1 लाख रूपये देने के लिए दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा अश्लील गाली-गलौज की। इसके बाद जावेद एवं हुसैन उर्फ बिट्टू ने असजद खान के साथ हाथ-मुक्का एवं धातु के वस्तु से मारपीट की, जबकि सोनू ने भी मारपीट की। इसी दौरान हकीम एवं सोनू ने हसनैन सिद्दिकी के साथ हाथ-मुक्का एवं बेल्ट से मारपीट कर उसे सडक़ पर गिरा दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई। इसके बाद सभी फरार हो गए। हसनेन की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1), 3(5) दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू की। आरोपियों के छिपने के ठिकानों पर दबिश दे आरोपी अब्दुल हकीम, सौरभ यादव उर्फ सोनू एवं जावेद मेमन को गिरफ्तार किया ।
गिरफ्तार आरोपी: अब्दुल हकीम रशीद 28 ताजनगर बल्लू किराना स्टोर के पास, थाना सिविल लाईन जिला रायपुर। सौरभ मनसुख यादव उर्फ सोनू 26 फाफाडीह कुम्हारपारा। जावेद मेमन 22 पारस नगर शिव मंदिर के पास देवेन्द्र नगर ।