रायपुर

स्पांडलाइटिस, साइटिका, कमर दर्द के घरेलू आयुर्वेदिक इलाज के नाम पर नागपुर का एक गिरोह सक्रिय
31-Aug-2026 5:33 PM
स्पांडलाइटिस, साइटिका, कमर दर्द के घरेलू आयुर्वेदिक इलाज के नाम पर नागपुर का एक गिरोह सक्रिय

पहले फीस नहीं बता, कथित हर इलाज के साथ रकम बढ़ा कर वसूली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 अगस्त। स्पांडलाइटिस, साइटिका, कमर और पीठ के हिस्से में दर्द के घरेलू आयुर्वेदिक इलाज के नाम पर नागपुर का एक गिरोह इन दिनों  रायपुर में सक्रिय हैं। जो हजारों रूपए एक झटके में ठग रहा है।

मिली जानकारी अनुसार इस गिरोह के कुछ लोग शहर के आउटर इलाकों की कालोनियों के आस-पास सेलून, सब्ज़ी दुकानों मंदिरों में चहल कदमी करते हुए ग्राहक तलाशते हैं। ये लोग उन महिला पुरुषों  को शिकार बनाते हैं जो कमर में बेल्ट (एलएस बेल्ट) बांधकर आते जाते हैं।ये उनके पास पहुंच कर समस्या पूछते हैं और फिर अपने गिरोह के एक व्यक्ति को नागपुर निवासी आयुर्वेदिक वैद्य डाक्टर बता इलाज का भरोसा दिलाते हैं।

वे बताते हैं कि ये वैद्य सप्ताह में एक बार रायपुर आते हैं और बुकिंग के हिसाब से घर आकर ही इलाज करते हैं। फीस के रूप में केवल 500 रूपए लेते हैं। इस इलाज के लिए हामी भरते ही सूचना देने वाला पीडि़त का फोन नंबर लेकर वैद्य को देने और उनके द्वारा ही काल कर विजिट की बात कहते हैं। अपने  संपर्क सूत्र से नंबर मिलते ही वैद्य, मरीज को काल कर अगले ही दिन सुबह आने पूरा पता ले लेता है। तब तक वह इलाज का खर्च नहीं बताते और मरीज़ भी 500 में इलाज मानकर हामी भर देते हैं। सामान्य से दिखने वाले ये वैद्य अकेले ही सुबह सुबह ही पैदल ही मरीज के घर पहुंचते हैं। और  अपना इलाज कर हजारों रूपए ऐंठ लेते हैं।

इलाज कुछ ऐसा करते हैं: शंकर नगर इलाके की एक महिला ने इन वैद्य के इलाज और ठगी की जानकारी दी। उनके मुताबिक ये वैद्य पहले तो एलोपैथिक इलाज को लेकर एक्स-रे, एम?आर?आई, की रिपोर्ट मांग कर देखने के बाद सिरे से रिपोर्ट और समस्या को खारिज करते हैं। उसके बाद अपना इलाज शुरू करते हैं।

ये वैद्य, इलाज की इस पद्धति को शिंगी पैटर्न बताते हैं। इसमें साईटिका, स्पांडलाइटिस और कमर के दर्द वाले हिस्से में एक सुई चुभोते (इसे पंचर करना भी कहा जाता है) हैं और फिर उस स्थान पर एक परखनली की तरह धातु से बना उपकरण लगा कर खून निकालते हैं। इसमें लाल खून में मिक्स हुआ सफेद रंग का हिस्सा भी निकलता है। (सरल शब्दों में इसे मवाद भी कहा जा सकता है।) इसे ही वे दर्द का कारण बताते हुए पूरा निकालते हैं। जब तक कि साफ लाल खून न निकलने लगे। इस परखनली से जितने बार ऐसा दूषित रक्त थक्के की तरह निकलता है उसका हर बार का  3500 रूपए चार्ज करते हैं।  यानी 10 बार निकला तो आपको 35000 रूपए देने होंगे। इससे अधिक बार निकाला तो रकम जुड़ती चली जाएगी। यह इलाज एक ही विजिट में करते हैं। और भुगतान आनलाइन मोड पर फोन पे पर लेते हैं। वे अपनी फीस पहले नहीं बताते, एक दो बार रक्त निकालने के बाद ही बताते हुए  फीस की काउंटिंग शुरू करते हैं। इन महिला ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर जब कोई इस इलाज की बात कहे, वैद्य की जानकारी दे तो भरोसा न करें।


अन्य पोस्ट