रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अगस्त। शनिवार सुबह पुराने विधानसभा थाना परिसर में लगे वाटर कूलर को छूते ही एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। युवक को बचाने पहुंचे पुलिस आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान रमेश ठाकुर (32) निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश किसी काम से थाना आया था। इसी दौरान वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पानी पीने पहुंचा। जैसे ही उसने वाटर कूलर को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा। यह देख मौजूद पुलिसकर्मी गणेश उसकी मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान गणेश भी करंट की चपेट में आ झुलस गया इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। घायल आरक्षक गणेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।