रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों के हनन, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, बिजली के निजीकरण और खनिज संसाधनों के असंतुलित दोहन को लेकर निशाना साधा।
मीडिया से चर्चा में बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद युवाओं के सपनों को बेचा जा रहा है। कृषि विश्वविद्यालय में तीन परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जबकि यह केवल तीन मामलों का खुलासा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कोई भी परीक्षा निष्पक्ष नहीं हुई। आरक्षक भर्ती, वनरक्षक भर्ती, आरआई प्रमोशन, पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती और पीएससी की एएसआई भर्ती में गड़बडिय़ां हुई हैं। सरकार भर्ती परीक्षाओं में घोटाले कर युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल रही है।
उन्होंने बिजली के मुद्दे पर कहा कि अब बिजली कंपनी ही बेचने की तैयारी की जा रही है। पहले मंत्रिमंडल ने विद्युत कंपनी के शेयर बेचने का फैसला लिया और अब निजी कंपनी को बिजली सप्लाई का ठेका देने की तैयारी है। कांग्रेस इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बिजली सत्याग्रह के मुद्दों में निजीकरण का विरोध भी शामिल होगा।
बैज ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर पंडुम 2025 के दौरान बस्तर के नक्सल मुक्त घोषित गांवों को विकास कार्यों के लिए अलग से एक-एक करोड़ रुपये देने का वादा किया था। सरकार बताए कि यह राशि कब मिलेगी। नक्सल हिंसा से पीडि़त परिवार मुआवजे और मुख्यधारा में लौटे समर्पित नक्सलियों के लिए घोषित योजना के लाभ के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलियों के सहयोगी होने का फर्जी आरोप लगाकर जेलों में बंद हजारों आदिवासियों की रिहाई कब होगी, सरकार इसका जवाब दे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में आपस में ही समन्वय नहीं है। केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश और बिहार को विशेष पैकेज दे रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ को नहीं। उल्टे केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती का पैसा पाई-पाई वसूला जा रहा है, जबकि राज्य के बजट में इस राशि का प्रावधान ही नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, पानी से लेकर सडक़, साफ-सफाई और सडक़ों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। डबल इंजन की सरकार आम जनता के लिए ट्रबल इंजन साबित हो रही है।
ब्लाक अध्यक्षों का सम्मेलन कल से: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों का प्रशिक्षण कल से जगदलपुर में होगा। प्रशिक्षण तीन दिन तक चलेगा और सभी पांचों संभागों में आयोजित किया जाएगा।