रायपुर

स्व. रजनी ताई उपासने की स्मृति में कैंसर यूनिट के नामकरण की मांग
29-Aug-2026 6:34 PM
स्व. रजनी ताई उपासने की स्मृति में कैंसर यूनिट के नामकरण की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अगस्त। रायपुर नगर की प्रथम महिला विधायक स्वर्गीय रजनी ताई उपासने की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके समाजसेवा और आपातकाल के संघर्षों को याद करते हुए विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उनके सुपुत्र एवं भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने और हेमंत उपासने ने टिकरापारा स्थित श्मशान भूमि में वट, नीम, अशोक और आम जैसे छायादार पौधों का रोपण किया।

माता रजनी ताई एवं पिता स्व. दत्तात्रेय उपासने की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने महाराष्ट्र मंडल, रायपुर के नवनिर्माणाधीन भवन में कक्ष निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 2.5 लाख रुपए का चेक मंडल अध्यक्ष अजय काले और चेतन दंडवते को सौंपा। इसके साथ ही राजस्थान में गरीबों की सेवा में जुटी संस्था को भोजन के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रेषित किया गया।

प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर सच्चिदानंद उपासने ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को पत्र लिखकर स्व. रजनी ताई उपासने के नाम पर कैंसर यूनिट अथवा रायपुर के किसी प्रमुख भवन का नामकरण करने की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि ताई जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रहित और विचारधारा के लिए समर्पित रहा। आपातकाल में उनका संघर्ष अविस्मरणीय है। 1978 में वे रायपुर की पहली महिला विधायक बनीं और उनके प्रयासों से तत्कालीन मध्य प्रदेश शासन द्वारा डी.के. अस्पताल, रायपुर में कैंसर यूनिट की स्थापना संभव हो सकी थी।

पत्र में कहा गया है कि विधानसभा में भी उनके निधन के बाद इन योगदानों को स्मरण किया गया था। अत: शासन स्तर पर उस कैंसर यूनिट अथवा रायपुर के किसी प्रमुख भवन का नामकरण स्व. रजनी ताई उपासने के नाम पर अविलंब किया जाए, जिससे भावी पीढ़ी उनके त्याग और सेवाभाव से प्रेरणा ले सके।


अन्य पोस्ट