रायपुर
प्लास्टिक बोतलों में पैक शराब स्वाहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अगस्त। बीती आधी रात रेलवे स्टेशन रोड स्थित शराब दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस दुकान से लगे लाज होटल और अन्य भवन खाली कराए गए।आग लगने की सूचना पर पुलिस, दमकल अमले के साथ आबकारी अधिकारी भी पहुंचे।
बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे के बाद शराब दुकान में शुरूआत में धुआं निकलता देख स्थानीय लोगो ने गंज पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे लेकिन शराब दुकान के सेल्समैन और आबकारी विभाग के अधिकारियों से संपर्क नहीं होने के कारण दोनो टीमें काफी देर बाहर खड़ी रही। इससे आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली की आसपास के लाज होटलों में सो रहे लोगो को बाहर निकालकर खाली कराये गए। मौके पर पहुंचे आबकारी अधिकारी औऱ कर्मचारियों ने दुकान खोली तो आग ने दुकान को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया था और वहां रखी सरकारी अंग्रेजी शराब पूरी तरह से जलकर राख हो गई। मई से लागू नए सिस्टम के तहत प्लास्टिक बॉटल में शराब पैक होने से आग की तपिश से सभी बोतलों को पिघला दिया।इससे करीब 40 हजार से अधिक की शराब जल गई। दमकल कर्मी रोशन सिंह ठाकुर, वाई स्टीफऩ, रिंकू सिंह , लालेश्वर शर्मा, रूपेन्द्र चंद्राकर, दिलीप ध्रुव, कमल टंडन, सिद्धार्थ को काफी मशक्कत करनी पड़ी । वे सुबह तक आग बुझाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।
आग बुझाने से रोक रहा फर्जी डीएसपी हिरासत में
गंज पुलिस ने कल रात दमकल कर्मियों की मदद से एक युवक को हिरासत में लिया है। वह स्वयं को डीएसपी बताते हुए धमकी दे रहा था। यह वाक्या स्टेशन रोड स्थित अंग्रेजी शराब दुकान परिसर में हुआ। जहां कल आधी रात आग लगी थी। इसे बुझाने में गंज पुलिस और दमकल कर्मी जुटे हुए थे। इसी दरम्यान एक युवक वहां पहुंचा। वह महाराष्ट्र आरटीओ पासिंग की कार में आया था। वहां पहुंचते ही उसने पूरा नज़ारा देख आग बुझा रहे कर्मियों को चमकाने लगा। कर्मचारियों ने उसकी हैसियत पूछा तो उसने स्वयं को डीएसपी बताया। वहां मौजूद गंज पुलिस स्टाफ ने परिचय पत्र, पोस्टिंग जैसे सवाल किए तो वह सच बता और दिखा नहीं पाया। इस पर पुलिस कर्मी उसे हिरासत में लेकर थाने ले आए। गंज पुलिस आज शाम तक पूरा खुलासा करेगी।