रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अगस्त। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से एंटी बीजेपी कंटेंट वायरल करने के मामले में पांच आरोपियों को बीएनएस की धारा 196, 353(2), 356(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) और 67 के तहत आरोपों से मुक्त(डिस्चार्ज)कर दिया है। साथ ही उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध धारा 61(2), 352 और 238 बीएनएस के तहत आरोप को विचारण के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में भेजने का आदेश दिया है।
बताया गया कि शासन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक कैलाश आगाशे ने अभियुक्त अंकित दुबे की ओर से अधिवक्ता अलबर अहमद, यश डागा की ओर से सीपी शर्मा तथा असलम मिर्जा की ओर से हर्ष शर्मा ने पैरवी की।
अभियोग पत्र के अनुसार अभियुक्तों पर अपराध का षड्यंत्र कर एंटी बीजेपी कंटेंट सोशल मीडिया पर चलाने के लिए एक-दूसरे को भेजने और उसे वायरल करने का आरोप था। इसमें मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री से 15 सौ करोड़ रुपये का कलेक्शन लिये जाने तथा इसकी व्यवस्था मुख्यमंत्री द्वारा राम गर्ग एवं रवि मिश्रा से कराए जाने का जिक्र था। इसके अलावा अन्य शासकीय आदेशों, और योजनाओं से संबंधित कथित मिथ्या तथ्य भी सोशल मीडिया पर प्रस्तुत किए जाने का उल्लेख था। इस सिलसिले में रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा लिखित शिकायत की गई थी।
अदालत ने अभिलेखों के अवलोकन के बाद पाया कि धारा 196 और 353(2) बीएनएस के संबंध में बीएनएस की धारा 217 के तहत केन्द्र या राज्य सरकार से अभियोजन की मंजूरी नहीं ली गई थी। इसलिए इन धाराओं के तहत संज्ञान लिये जाने की विधिक स्थिति नहीं बनती।
इसी प्रकार धारा 356(3) धारा 222 के तहत आवश्यक प्रक्रिया का पालन होना भी अभिलेख से दर्शित नहीं हुआ। अदालत ने इस आधार पर धारा 356(3) के तहत भी संज्ञान लिये जाने की विधिक स्थिति नहीं पाई।
अदालत ने यह भी कहा कि प्रकरण में किसी मिथ्या दस्तावेज की रचना से संबंधित अपराध के तत्व गठित करने वाले तथ्य नहीं हैं। इसके चलते धारा 336(3) एवं 336(4) बीएनएस के तहत अपराध गठित होना भी अभिलेख से प्रदर्शित नहीं हुआ। वहीं अभियोजन के कथानक के अनुसार आईटी एक्ट की धारा 66(डी) और 67 भी आकर्षित नहीं होती हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि धारा 66(डी) इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल कर व्यक्ति का रूप धारण करके धोखाधड़ी से तथा धारा 67 इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री प्रसारित करने से संबंधित है।
अदालत ने अभियुक्त अंकित दुबे, असलम मिर्जा, आकाश जोशी, जावेद खान और यश डागा को धारा 196, 353(2), 356(3) बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) और 67 के तहत उन्मोचित कर दिया। अभियुक्तों को 17 सितंबर को संबंधित न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।