रायपुर

22 साल पुरानी एक ही जमीन दो लोगों को बेंची, 420 दर्ज
27-Aug-2026 6:35 PM
22 साल पुरानी एक ही जमीन दो लोगों को बेंची, 420 दर्ज

राजस्व अभिलेखों में नामांतरण नहीं होने का फायदा उठा दोबारा बेची जमीन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 अगस्त। सिविल लाइन इलाके में जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जिसमें एक ही जमीन को दो लोगों को बेचने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पहले उक्त जमीन को साल 2001 में मेसर्स राजा वाटिका हीरापुर जरवाय निवासी पंकज मल्होत्रा को बेचा गया था। जिसके बाद उसी जमीन को 22 साल बाद दूसरे के बेचीं गई। इस मामले में पुलिस ने अल्का बागड़े के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आगे जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम जरवाय हीरापुर,  स्थित खसरा नंबर 167/1 और 167/3 की 0.279 हेक्टेयर जमीन को अल्का बागड़े से पंजीकृत विक्रय विलेख के माध्यम से 10 जुलाई 2001 को पंकज मल्होत्रा ने खरीदा था। उस समय जमीन की कीमत 3 लाख 49 हजार रुपए थी और विक्रय के बाद उसका कब्जा भी खरीदार को सौंप दिया गया था। राजस्व अभिलेखों में नामांतरण नहीं होने के कारण जमीन का रिकॉर्ड अल्का बागड़े के नाम पर दर्ज रहा। इसी का फायदा उठाते हुए अल्का बागडे ने उसी जमीन को 21 जुलाई 2023 को मेसर्स गौरव प्रमोटर्स बिल्डर्स के भागीदार राघवेन्द्र चंद्राकर को दोबारा बेच दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि दस्तावेज में अल्का बागड़े के पति का नाम बड़ीराम बागड़े दर्ज है, जबकि संलग्न आधार कार्ड में पति का नाम केशव राव बागड़े था। जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज कर जमीन से संबंधित दस्तावेज लिए। जिसके बाद दस्तावेजों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने मामले में धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है। पुलिस वर्ष 2001 और 2023 के विक्रय दस्तावेज, राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट