रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। मालवीय रोड स्थित श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में चल रहे समयोपदेश वर्षायोग 2026 चातुर्मास के अंतर्गत गुरुवार प्रात: भगवान का महामस्तकाभिषेक एवं शांतिधारा अमरचंद जैन, श्रीमती सोहनी देवी जैन, यशवंत जैन, श्रीमती जय जैन, किशोर जैन, वनिता जैन, महेंद्र जैन, मेधा जैन, प्रथम जैन, गौरव जैन एवं आलोक जैन ने किया ।
शांतिधारा निर्भ, अवीश, सुभाष , निमिषा जैन तथा परतापुर निवासी मनीष चंदा ने किया।प्रात:कालीन धार्मिक कक्षाओं के अंतर्गत मुनि श्री पुनीत सागर ने जैन दर्शन के महान ग्रंथ तत्त्वार्थ सूत्र का गहन अध्ययन कराया। वहीं मुनिश्री आगम सागर ने छह ढाला ग्रंथ का वाचन कर श्रावकों को धर्म के मूलाधार एवं सम्यक दर्शन से परिचित कराया। छह ढाला के स्वाध्याय के उपरांत धर्म सभा में मुनि श्री आगम सागर ने अपने प्रवचन में कहा कि अज्ञानता, मिथ्या चारित्र और सांसारिक विषयों में लीन होने के कारण जीव आत्मा और शरीर को एक ही मान बैठता है। जब तक अंतरंग में राग, द्वेष और परिग्रह का भाव रहेगा, तब तक जीव संसार चक्र में भटकता रहेगा।
आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय नायक जैन ,उपाध्यक्ष श्रद्धेय जैन विक्की मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि कल शुक्रवार, 28 अगस्त को प्रात: 7 बजे से मंदिर में रक्षाबंधन वात्सल्य महा महोत्सव का भव्य आयोजन पूज्य मुनि श्री ससंघ के सानिध्य में किया जा रहा है। साथ ही मुनिश्री ससंघ से मंत्रोच्चारित रक्षा सूत्र (ब्रेसलेट) सभी सदस्यों को प्रदान किया जाएगा।