रायपुर

भाजपा पार्षद बेहरा के ऑफिस में शराब कोचिए का हमला
26-Aug-2026 6:48 PM
भाजपा पार्षद बेहरा के ऑफिस में शराब कोचिए का हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 अगस्त। अवैध शराब बिक्री की शिकायत करने वाले पार्षद पर हमला किया गया है। शराब कोचियों ने भाजपा पार्षद कैलाश बेहरा के ऑफिस में हमला किया है।पार्षद के ऑफिस में ईंट पत्थर से हमला किया। इसकी भाजपा के सभी पार्षदों ने थाना सिविल लाइन में शिकायत की है। मीडिया में वायरल खबर के अनुसार देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक्प्रेस वे के ठीक नीचे चाय पान ठेले में सुबह 6 बजे से अवैध शराब बेची जाती है। 120 रूपए की शराब 200 रूपए में बेची जाती है। पार्षद ने इसका विरोध और शिकायत की थी।

पार्षद ने अवैध शराब बिक्री के वीडियो के साथ शिकायत की थी।

इसके बाद पहले  15 और फिर 25 अगस्त को  बेहरा ने फोटो एवं वीडियो सहित पुन: शिकायत देवेंद्र नगर थाने में की थी ।मामले के प्रमाण संबंधित एसीपी रमाकांत साहू को भी भेजे गए। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की लेकिन आरोप है कि कार्रवाई के कुछ समय बाद संबंधित महिला को छोड़ दिया गया।

आरोप है कि थाने से बाहर आने के बाद उक्त महिला नशे की हालत में मोहल्ले में पहुंची और गाली-गलौज करने लगी। इसके बाद उसने पार्षद कार्यालय में घुसकर ईंट-पत्थर से शीशा तोड़ दिया तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने के बाद महिला वहां से चली गई।


अन्य पोस्ट