रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ राज्य में शिक्षा कर्मी से संविलियन के बाद शासकीय शालाओं में पदस्थ सहायक शिक्षकों के लिए क्रमोन्नति, पदोन्नति, वेतन एवं अन्य आर्थिक लाभ के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता रखी गई है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने इस अनिवार्यता के विरोध में पूरे प्रदेश में सहायक शिक्षकों के आंदोलन को सफल बताते हुए उनका समर्थन किया है। विजय झा ने कहा कि संविलियन के बाद लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद सहायक शिक्षकों को प्रासंगिक लाभ देने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता रखी गई है। राज्य सरकार को इसे तत्काल समाप्त करना चाहिए।उन्होंने कहा कि अनेक विभागों में तहसीलदार से डिप्टी कलेक्टर तथा सहायक अधीक्षक से अधीक्षक के पद पर पदोन्नति के लिए न्यूनतम अर्हतादायी सेवा अवधि पांच वर्ष से घटाकर तीन वर्ष की गई है। राजस्व विभाग में भी अनेक कर्मचारियों को इसका लाभ मिला है। इसके अलावा कई पदों पर न्यूनतम अर्हतादायी सेवा अवधि में एक बार के लिए शिथिलता देकर कर्मचारियों को प्रासंगिक लाभ प्रदान किया गया।झा ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग को इसी नीति के आधार पर आंदोलनरत सहायक शिक्षकों के लिए भी निर्णय लेना चाहिए।