रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अगस्त। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान 1 जनवरी 2026 से देय अतिरिक्त 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) एवं महंगाई राहत (डीआर) तत्काल घोषित करने की मांग की है। महासंघ ने कहा है कि वर्तमान में 58 प्रतिशत की दर से मिल रहे डीए-डीआर को बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया जाना चाहिए। नामदेव ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से केंद्र के समान महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की मांग कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार ने अभी तक इस मामले में कोई निर्णय नहीं लिया है। बढ़ती महंगाई के दौर में समय पर महंगाई राहत नहीं मिलने से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नामदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद से कर्मचारियों एवं पेंशनरों के 88 माह के डीए-डीआर एरियर का भुगतान लंबित है। वहीं, केंद्र सरकार द्वारा 1 जनवरी 2026 से देय अतिरिक्त 2 प्रतिशत डीए-डीआर को भी लगभग आठ माह पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश के पेंशनर अभी इसकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को डीआर प्रदान करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार से सहमति प्राप्त करने की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अपने स्तर पर डीआर घोषित करने में अब कोई बाधा नहीं है। इसलिए डीए-डीआर के आदेश जारी करने में अनावश्यक विलंब का कोई औचित्य नहीं है।