रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अगस्त। गोबरनवापारा पुरानी विधान सभा इलाके में कल परसों मारपीट और गाली गलौज के मामले सामने आए हैं। इनमें गोबरा नवापारा में तालाब में पूजन सामाग्री विसर्जन करने तेज हॉर्न बजाने से मना करने पर ट्रक चालक के साथ प्लास्टिक पाइप से मारपीट हो गई।
हरीश देवांगन ने पुलिस को बताया कि कल सुबह 8.30 बजे उसका भतीजा आकाश देवांगन पूजा सामग्री लेकर शीतलापारा तालाब में विसर्जन करने गया था। इस दौरान आकाश ने फोन कर बताया कि तालाब के घाट के पास विसर्जन करने से मना करते हुए दानीराम पटेल ने उसके साथ गाली-गलौज और हाथ-मुक्का से मारपीट की।
जब हरीश ने दानीराम से भतीजे से मारपीट करने का कारण पूछा तो विह फिर से गाली गलौज करने लगा। दानीराम के बेटे विष्णु पटेल सहित उसके घर के लोगों ने गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का, डंडे और ईंट से हरीश के सिर पर हमला किया।
वहीं एक अन्य मामले में बगदेहीपारा निवासी एक व्यक्ति ने ट्रक चालक पर प्लास्टिक पाइप से मारपीट करने का आरोप लगाया है। वह घर के बाहर पड़ोसी अमर सिंह साहू से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान तर्री गांव की ओर से एक ट्रक तेज हॉर्न बजाते हुए आया। जिसे वाहन ठीक से चलाने और तेज हॉर्न नहीं बजाने से मना करने पर आरोपी ट्रक चालक जसवीर सिंह ने वाहन सडक़ किनारे खड़ा किया और प्लास्टिक पाइप से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ पैर में गंभीर चोट आई।
इधर पुरानाविधानसभा इलाके में पारिवारिक विवाद के दौरान चाकू से हमला हो गया। ग्राम धनसुली स्थित प्रकाश बजाज क्रेसर खदान के पास ईश्वर बरिहा पर उसके चचेरे भाई कृष्णा बरिहा ने शराब के नशे में हमला किया। ईश्वर ने बताया कि कृष्णा ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने पास रखे सब्जी काटने का चाकू लिया और ईश्वर के साथ मारपीट की। हमले में ईश्वर के सिर और पेट के बाएं हिस्से में चोट आई।
ईश्वर की पत्नी भुनेश्वरी बरिहा बीच-बचाव करने पहुंची तो उससे भी मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।