रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अगस्त। तेलीबांधा इलाके में एक बैंक मैनेजर से लाखों रूपए की साइबर ठगी हो गई। अज्ञात ने खुद को किआ कम्पनी का डायरेक्टर बता उसे ई-मेल भेज आटीजीएस के माध्यम से खाता में पैसे जमा करा लिए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैरन बाजार निवासी श्वेता शर्मा ने बताया कि वह भारतीय स्टेट बैंक की आईजीकेवी शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। 20 अगस्त को उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जिसे उसने रिसीव नहीं किया। जिसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सऐप और टेक्स्ट मैसेज आया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को प्रशांत मंधान, इंटारा कार प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर बताया।
इसके बाद 21 अगस्त को आरोपी ने दोबारा फोन कर कंपनी के लिए दो करोड़ रुपए की एफडी कराने की बात कही। बैंक मैनेजर से ब्याज दर पूछने पर उन्हें 6.45 प्रतिशत की दर बताई गई। आरोपी ने सोमवार को बैंक आने की बात कही। फिर 24 अगस्त को आरोपी ने दोपहर 12 बजे फिर फोन कर एफडी कराने की बात कही। बातचीत के दौरान उसने बताया कि उसकी चेकबुक खत्म हो गई है और तत्काल मेडिकल ट्रांजेक्शन के लिए 4 लाख 99 हजार रुपए आरटीजीएस कराने है। रकम भेजने के लिए बैंक मैनेजर ने आवेदन ई-मेल से भेजने को कहा।
कुछ देर बाद बैंक की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर आरटीजीएस का आवेदन आया। बैंक मैनेजर ने किआ इंटारा कार प्राइवेट लिमिटेड के खाते के हस्ताक्षर की जांच के बाद 4.99 लाख रुपए मुंबई के कुर्ला स्थित केनरा बैंक के एक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रकम ट्रांसफर होने के करीब 40 मिनट बाद किआ शो-रूम के मैनेजर ने फोन कर बताया कि उनकी ओर से ऐसा कोई आवेदन ई-मेल नहीं किया गया है। इसके बाद बैंक स्तर पर जांच की गई तो कंपनी के खाते में संबंधित मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी फर्जी मिले।
धोखाधड़ी किए जाने का पता चलने पर उसने इसकी शिकायत तेलीबांधा पुलिस में की। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताए गए फर्जी ई-मेल, मोबाइल नंबर, बैंक खाते रकम ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की जांच कर रही