रायपुर

चंगोराभाठा में गांजे की बड़ी खेप बरामद, कार छोडक़र फरार हुए महिला-पुरुष
25-Aug-2026 5:52 PM
चंगोराभाठा में गांजे की बड़ी खेप बरामद, कार छोडक़र फरार हुए महिला-पुरुष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 अगस्त। चंगोराभाठा इलाके में मंगलवार सुबह गांजे की बड़ी खेप बरामद होने से हडक़ंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, महासमुंद पासिंग की एक सफेद रंग की कार में गांजा भरकर राजधानी रायपुर में खपाने के लिए लाया जा रहा था। घटना सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार में एक महिला और पुरुष सवार थे और वे कॉलोनी की गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान कार गली में फंस गई। लोगों ने जब कार सवारों की मदद के लिए पहुंचना शुरू किया तो दोनों वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना डीडीनगर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली, जिसमें पैकेट में बंद गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे रायपुर में किसे सप्लाई किया जाना था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। मामले में फरार महिला और पुरुष की भी तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट