रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अगस्त। विरोध के बाद आखिरकार गुढिय़ारी पहाड़ी चौक से रेलवे स्टेशन तक सडक़ चौड़ीकरण दोनों तरफ से करने का फैसला लिया गया है। पहले निगम ने सडक़ की एक तरफ के 27 निर्माणों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया था, जबकि दूसरी तरफ के निर्माणों को छोड़ दिया गया था। इसे लेकर प्रभावितों में नाराजगी थी। मामला पूर्व मंत्री राजेश मूणत के संज्ञान में लाए जाने के बाद दोनों तरफ के प्रभावितों को नोटिस जारी किए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी ने पहाड़ी चौक से रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-7 तक करीब एक किलोमीटर सडक़ को 70 फीट चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार किया है। यह मार्ग मंगलवारी बाजार, शुक्रवारी बाजार और कालेश्वर महादेव मंदिर होते हुए रेलवे स्टेशन तक जाता है। चौड़ीकरण के बाद यातायात जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
पहले एक तरफ के 27 मकान-दुकानों के करीब 50 प्रभावितों को नोटिस जारी किया गया था। दूसरी तरफ के प्रभावितों को अब सात दिन के भीतर जमीन और मकान से संबंधित दस्तावेज नगर निगम में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेजों का संकलन कर आगे की कार्रवाई के लिए पीडब्ल्यूडी को भेजा जाएगा। इसके बाद मुआवजे की पात्रता वाली सूची जारी की जाएगी।