रायपुर

पड़ोसी की सेंधमारी विफल, तीन गिरफ्तार
24-Aug-2026 6:04 PM
पड़ोसी की सेंधमारी विफल, तीन गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 अगस्त। पड़ोसी की सजगता से सूने मकान में चोरी विफल रही। सूचना पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है इनमें 2 नाबालिग हैं।

 22-23 की दरम्यानी रात्रि थाना न्यू राजेन्द्र नगर एवं 112 पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि अमलीडीह स्थित शिव विला कॉलोनी के एक सूने मकान में कुछ संदिग्ध व्यक्ति प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना पर न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस एवं डायल-112 की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।पुलिस टीम द्वारा उक्त मकान की घेराबंदी कर अंदर प्रवेश किया।  जहां कुछ व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए पाए गए। पुलिस टीम ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए मौके से 03 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया, जिनमें एक आरोपी दीपक देवार तथा 02 विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे चोरी करने की नीयत से उक्त मकान में प्रवेश किये थे। आरोपियों ने मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोडक़र अंदर प्रवेश किया गया तथा चोरी करने के उद्देश्य से आलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया था। पुलिस टीम की त्वरित कार्यवाही के कारण आरोपी/अपचारी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पूर्व ही मौके पर पकड़े गए।

 मकान मालकिन अपने मकान में ताला लगाकर महासमुंद गई हुई थीं। मकान के आसपास संदिग्ध गतिविधि देखकर प्रार्थिया के पड़ोसी के द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की गई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी/अपचारियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 331(3), 305, 62 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई।


अन्य पोस्ट