रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अगस्त। रायपुर स्टेशन के पास लावारिस ट्रॉली सूटकेस से जीआरपी ने गांजा बरामद किया है। एसी डॉरमेट्री के सामने नए गेट के पास मिले बैग की तलाशी लेने पर उसमें 6. 270किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत 3,13,500 बताई गई है।
जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली थीं कि स्टेशन परिसर के पास एक अज्ञात ट्रॉली बैंग रखा है। सूचना पर पुलिस टीम स्टेशन के एसी डॉरमेट्री के सामने नए गेट के पास पहुंची।
मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस को हरे रंग का चार पहिया ट्रॉली सूटकेस लावारिस हालत में पड़ा मिला। आसपास मौजूद यात्रियों से सूटकेस के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उसके संबंध में जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रॉली सूटकेस को खोलकर जांच की। अंदर खाकी रंग के सेलोटेप से पैक किया हुआ एक बड़ा पैकेट मिला। पैकेट को खोलने पर उसमें से गांजा रखा होना पाया गया।
जिसका वजन 6 किलो 270 ग्राम निकला। जिसकी कीमत 3 लाख 13 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अवैध रूप से मादक पदार्थ के परिवहन से संबंधित अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रॉली सूटकेस स्टेशन पर कौन छोडक़र गया था और गांजे को कहां से लाया गया था। आरोपी की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।