रायपुर

मामूली विवाद में मजदूर को छत की दूसरी मंजिल से धक्का देने के मामले में 5 साल की सजा सुनाई
24-Aug-2026 5:56 PM
मामूली विवाद में मजदूर को छत की दूसरी मंजिल से धक्का देने के मामले में 5 साल की सजा सुनाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 अगस्त। अमलीडीह स्थित निर्माणाधीन मकान में  कम करने वाले मजदूर के साथ विवाद के दौरान दूसरी मंजिल की छत से धक्का देकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में अदालत ने आरोपी भारत चतुर्वेदी को पांच वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

वहीं, एक अन्य मजदूर पर फावड़े से हमला करने के मामले में छह माह के सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।  घटना 27 जनवरी 2025 को अमलीडीह स्थित एक नवनिर्मित मकान में हुई थी। अभियोजन पक्ष के मुताबिक मुरली तांडी, अजय बघेल और अन्य मजदूर वहां काम कर रहे थे। इसी दौरान भारत चतुर्वेदी का अजय बघेल से विवाद हो गया। आरोप था कि विवाद के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अजय बघेल को दूसरी मंजिल की छत से नीचे धक्का दे दिया। नीचे गिरने से अजय बघेल को जबड़े, कूल्हे समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के दौरान मुरली तांडी ने आरोपी से अजय को नीचे गिराने का कारण पूछा तो आरोपी ने उसे भी जान से खत्म करने की धमकी दी और फावड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। प्रकरण में अदालत ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 117(2) के तहत पांच वर्ष के सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड तथा धारा 115(1) के तहत छह माह के सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड नहीं देने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।


अन्य पोस्ट