रायपुर

गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करते-करते सरकार गौ हत्या की दोषी हो गई- झा
24-Aug-2026 5:53 PM
गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करते-करते सरकार गौ हत्या की दोषी हो गई- झा

रायपुर, 24 अगस्त। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एवं कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा ने फुडहर गौठान में मवेशियों की मौत को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार सडक़ों पर गोवंश की दुर्घटनाओं में मौत हो रही है। वहीं, गौठानों में पशुओं को रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण भी हर वर्ष बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत होती है।

झा ने आरोप लगाया कि फुडहर गौठान में क्षमता से करीब दो गुना मवेशियों को रखा गया है, जिसके चलते 10 से अधिक मवेशियों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि नगर निगम और पशु चिकित्सा विभाग को हर वर्ष ऐसी घटनाओं की जानकारी होने के बावजूद पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जाती। इससे बीमार और घायल मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि फुडहर में 260 मवेशियों के हिसाब से पशु आहार के लिए प्रति जानवर 27 रुपये 80 पैसे आवंटित किए जाते हैं। झा ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि नरवा, घुरुवा, बारी योजना ने भी आत्महत्या कर ली और हीरापुर गौठान में चार पशु एक-एक फीट लद्दी के अंदर धंसकर मर गए थे। झा ने कहा कि पूरे देश में सनातन धर्म की सरकार और 22 राज्यों में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद गोवंश को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर सत्तारूढ़ दल और उसके समर्थक रैली-प्रदर्शन कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट