रायपुर

सौरभ चंद्राकर ने वापसी के लिए सुरक्षा की मांग की है
21-Aug-2026 7:18 PM
 सौरभ चंद्राकर ने वापसी के लिए सुरक्षा की मांग की है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 अगस्त। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित किंगपिन सौरभ चंद्राकर ने भारत लाए जाने से पहले अपनी जान को खतरा बताया है। चंद्राकर ने ओमान पुलिस के अधिकारियों से कहा है कि भारत की जेल में उसकी जान को खतरा हो सकता है। उसने खुद के साथ अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।

चंद्राकर ने दावा किया है कि अगर उसे सुरक्षा दी जाती है, तो वह भारतीय जांच एजेंसियों के सामने पूरे सट्टा नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी देने को तैयार है। उसने सट्टा कारोबार से जुड़े राजनीतिक लोगों से कथित कनेक्शन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों की जानकारी देने की बात कही है। सौरभ ने पिछले साल  रेड कार्नर नोटिस जारी होने के बाद भी हाईकोर्ट में एक आवेदन पेश कर उसकी सुरक्षित दुर्ग वापसी के लिए सुरक्षा मांगी थी।

जानकारी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने कथित तौर पर कहा है कि वह भारत आने के बाद सक्षम जांच एजेंसियों और अदालत के सामने अपना बयान दर्ज कराने के लिए तैयार है। उसका कहना है कि उसे सुरक्षित रखा जाए और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों से अलग रखा जाए, ताकि वह बिना दबाव के पूरी जानकारी दे सके।


अन्य पोस्ट