रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अगस्त। राजधानी से लगे नकटी स्थित ब्लू वॉटर में बुधवार शाम दोस्तों के साथ घूमने गया मौदहापारा अफरोज बाड़ा निवासी 24 वर्षीय आदिल खान गहरे पानी में डूब गया। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक नहीं मिला है। गुरुवार तडक़े शुरू हुए तलाशी अभियान के दौरान मौदहापारा के लोग भी बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी थी। शर्त जीतने की होड़ में आदिल अपने दोस्तों के साथ पानी में उतर गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह अचानक डूब गया।
घटना के दौरान मृतक आदिल और उसके दोस्त पानी पार करने को लेकर बातचीत और शर्त लगाते हुए नजर आए। बताया गया कि अन्य दोस्त किसी तरह पानी से बाहर निकल आए, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर दोस्तों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएम की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात होने की वजह से तलाशी अभियान गुरूवार तडक़े शुरू हो सका। इससे पहले भी नकटी स्थित ब्लू वॉटर में वर्ष 2017 से अब तक 10 घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 9 लोगों की मौत डूबने से हुई है।