रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अगस्त। पंडरी रायपुर में मेघदूत मर्केन्टाइल प्राइवेट कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर ग्राहकों से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर प्रदुम्न लिमशाकरे ने इसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात आरोपी ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताकर ग्राहकों से व्हाट्सअप और मोबाइल कॉल के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद लोन दिलाने और रकम कंपनी के खाते में जमा कराने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में यूपीआई से रकम ट्रांसफर करवा लिए।
बताया गया कि पहले ग्राहक से 5 अगस्त को एसबीआई के एक खाते में तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 55,808 जमा करवाए गए। दूसरे ग्राहक से 20,200 और इसी तरह ग्राहकों से 10,000 जमा करवाए गए। इसके लिए आरोपी ने अलग अलग यूपीआई का उपयोग कर कुल 86,008 की राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर कराई गई।
प्रदुम्न लिमशाकरे ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उससे भी फोन कर खुद को कंपनी की ओर से बताते हुए लोन का पार्ट पेमेंट कराने की बात कही। तब प्रदुम्न को शक होन पर अज्ञात मोबाइल नंबर बंद कर दिया गया। जिसके बाद उसने थाना जाकर शिकायत दर्ज कराई। बैंक खाते, यूपीआई आईडी और लेन-देन के माध्यम से जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
डिलीवरी बॉय ने 1.10 लाख का कैश- पार्सल नहीं दिए, अमानत में खयानत दर्ज
रायपुर, 20 अगस्त। चंगोराभाठा के गणपति नगर स्थित वॉल्मो कोरियर कार्यालय के संचालक शिवा मिस्त्री ने डिलीवरी बॉय कुनाल सिंह के खिलाफ 1.10 लाख रुपए गबन और पार्सल लेकर फरार होने का आरोप लगाया है।
शिवा मिस्त्री ने बताया कि कुनाल सिंह 10 जुलाई 2026 से उसके कार्यालय में डिलीवरी बॉय के रूप में काम कर रहा था। 8 अगस्त को कार्यालय के मैनेजर असलम खान के अनुपस्थित रहने पर कुनाल को डिलीवरी बॉय से मिले 40 हजार रुपए की कलेक्शन राशि बैंक में जमा करने के लिए दिया गया था। कुनाल ने इसी दौरान करीब 70 से अधिक पार्सल, जिनकी कीमत 70 हजार रुपए बताई गई और 40 हजार रुपए कैश बैंक में जमा न कर अपने पास रख लिया। साथ ही पार्सल भी डिलीवर नहीं किया। जिसके बाद से वह कार्यालय भी नहीं आया। मामले में पुलिस ने धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।