रायपुर

आईजीकेवी पेंशनरों की मांगों के समाधान में पेंशनर्स महासंघ की पहल
20-Aug-2026 7:33 PM
आईजीकेवी पेंशनरों की मांगों के समाधान में पेंशनर्स महासंघ की पहल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 अगस्त। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के सहयोगी इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर शिक्षक संघ के तत्वावधान में विश्वविद्यालय के पेंशनरों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों द्वारा अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 27 जुलाई  से चलाया जा रहा शांतिपूर्ण धरना मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई और लंबित पेंशन प्रकरणों में पीपीओ जारी होने के बाद समाप्त हो गया।

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में वित्त सचिव रोहित यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आईजीकेवी के पेंशनरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। वित्त सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति से चर्चा कर समाधान निकालने का भरोसा दिलाया था।

कुलपति ने वित्त विभाग से नियुक्त वित्त नियंत्रक के साथ समन्वय के अभाव को पेंशन संबंधी समस्याओं का प्रमुख कारण बताते हुए समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।महासंघ  के प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी एवं विश्विद्यालय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एन के चौबे की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने लगातार विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव एवं वित्त नियंत्रक से संपर्क कर पेंशनरों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए लगातार चर्चा करते रहे। उनके निरंतर प्रयासों से विश्वविद्यालय प्रशासन और पेंशनर्स महासंघ के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण मदद मिली।


अन्य पोस्ट