रायपुर
न्यू स्वागत विहार में मिली महिला की लाश से जुड़ी वारदात का खुलासा
यौन मनोरोगी का 29 वर्ष का अविवाहित आरोपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। करीब एक माह पहले थाना मुजगहन इलाके में महिला की हत्या सहित उससे मारपीट की 2 घटनाएं करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले की जांच में पुलिस की 8 टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों की छानबीन की थी। आरोपी दो बार जेल जा चुका था एक बार 10 वर्ष की सजा दी गई थी।
21 जुलाई को मिली सूचना पर मुजगहन पुलिस ने न्यू स्वागत विहार के पास स्थित एक खाली प्लॉट में भरे पानी में एक महिला का शव को बरामद कर जां शुरू की।
एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट, थाना पुलिस, एफ.एस.एल. व डॉग स्क्वाड की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान मृतिका की बाईं आंख के ऊपर चोट तथा शरीर के अन्य स्थानों पर खरोंच के निशान पाए गए। अज्ञात मृतिका के संबंध में पूछताछ एवं उसके वारिसानों की पतासाजी की गई, जिसके आधार पर मृतिका की पहचान बोरियाकला थाना मुजगहन निवासी के रूप में हुई। मामले में मर्ग कायम कर मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें मृत्यु का कारण पानी में डूबने से श्वास अवरुद्ध होना बताया गया था। इस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 103 दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।
एक अन्य एफआईआर में सेजबहार निवासी प्रार्थिया ने थाना मुजगहन में रिपोर्ट दर्ज करायी कि 5 अगस्त 26 को रात्रि करीब 08:30 बजे प्रार्थिया अपने घर जा रही थी। इसी दौरान सेजबहार स्थित बेकरी दुकान के पास पीछे से एक अज्ञात युवक आया, जिसे प्रार्थिया नहीं जानती थी। उसने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थिया को जान से मारने की धमकी देने लगा तथा उसे नाली में धक्का देकर गिरा दिया और दबोचकर उसके साथ मारपीट करने लगा एवं उसके उपर चढ़ गया। जोर-जोर से चिल्लाने पर उक्त युवक वहां से भाग गया। इस मामले की धारा 115(2), 296, 351(2) दर्ज किया था।दोनों मामलों की जांच पुलिस की 08 से अधिक अलग-अलग टीमों ने घटनाओं में प्रयुक्त तरीका वारदात का विश्लेषण करते हुए पूर्व में इसी प्रकार के अपराधों में संलिप्त रहे आरोपियों एवं हाल ही में जेल से रिहा हुए व्यक्तियों के संबंध में जानकारी एकत्र कर उनकी गतिविधियों की तस्दीक की गई।
इसी दौरान मिली पर सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू को पकड़ पूछताछ करने पर उसने हत्या सहित मारपीट स्वीकार की। एसीपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू अविवाहित है ।अक्सर महिलाओं को अकेले देखकर उनका साइकिल से पीछा करता था। दिनांक घटना के दिन भी उसने को मृतिका को अकेले जाते हुए देख साइकिल से उसका पीछा किया। बाद में उसे पकडक़र उसके साथ झूमाझटकी की तथा घटनास्थल के पास ले जाकर उसे पानी में गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके पश्चात् देवेन्द्र ने ने मृतिका का गला दबाकर तथा उसके मुंह एवं नाक को पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। देवेन्द्र ,मृतिका का मोबाइल फोन अपने पास रखकर साइकिल से मौके से फरार हो गया। इसी प्रकार देवेन्द्र दूसरी घटना को भी अंजाम देने का प्रयास किया गया था, जिसमें वह सफल नहीं हो पाया था। आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
आरोपी से जप्त सामग्री: मृतिका का मोबाईल फोन,घटना में प्रयुक्त सायकल, घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने कपड़े।
थाना मुजगहन, अपराध क्रमांक 60/17 धारा 376, 450 भादवि., 3(क), 4 पॉक्सो एक्ट तथा 3(1), 12, 3(2), 5 एससी/एसटी एक्ट। (आरोपी को इस प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा 10 वर्ष के कारावास की सजा से दंडित किया गया था)। थाना टिकरापारा, अपराध क्रमांक 37/25 धारा 115(2), 118(1), 296, 74 बीएनएस।