रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। धरसीवां में दो साल पहले दोस्तों के साथ मिलकर युवक का अपहरण कर हत्या करने के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश शैलेश शर्मा ने बसंत निषाद, लुकेश्वर उर्फ लक्की पटेल, मनीष सागरवंशी उर्फ सी.जी., कामेश उर्फ गोलू बंजारे और सागर यादव को हत्या, अपहरण, बलवा और साक्ष्य छिपाने के आरोपों में दोषसिद्ध किया।
अदालत ने धारा 103(1) धारा 190 के तहत आजीवन कारावास और 2 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। घटना 28 जुलाई 2024 को दोपहर 4.30 बजे गिरौद बस्ती के आगे निक्को कंपनी के रेलवे क्रॉसिंग के पास की है। जहां लिकेश पटेल की हत्या की साजिश रची गई थी। इसके बाद आरोपी ने दामिनी पटेल के मकान के सामने पहुंचे और महिला के साथ मारपीट किया।
आरोपियों ने लिकेश पटेल को उसके घर के पास से जबरन बाइक में बिठा कर मांढर डेम के पास ले गए। जहां उसके साथ साथ हाथ-मुक्के, चाकू और डंडे से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण लिकेश की मौके पर मौत हो गई। आरोपियों ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को छिपाया गया। पुलिस ने आसपास पूछताछ कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, चाकू और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया। प्रकरण में मृत आरोपी राहुल नागरची की मृत्यु हो चुकी थी, इसलिए उसके संबंध में कार्यवाही समाप्त कर दी गई। मामले में आरोपी भूपेंद्र उर्फ रोशन वर्मा को अदालत ने आरोपित धाराओं से दोषमुक्त कर दिया।
वहीं पांच आरोपियों को घटना कारित करना पाए जाने पर आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया है। पांचों आरोपियों के खिलाफ सजा वारंट तैयार कर उन्हें सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल रायपुर भेजने का आदेश दिया। साथ ही अदालत ने मृतक के परिजनों को हुई शारीरिक, आर्थिक और मानसिक पीड़ा को देखते हुए पीडि़त क्षतिपूर्ति योजना के तहत मुआवजा प्रदान किए जाने की अनुशंसा की है।