रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। बुधवार को प्रदेश और शहर जिला कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक के पास भाजपा सरकार द्वारा राष्ट्रीय जांच एजेंसी ईडी, सीबीआई के दुरुपयोग के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी नेताजी स्टेडियम स्थित ईडी आफिस का घेराव करने निकले लेकिन पुलिस की घेराबंदी ने विफल किया। बता दें कि मंगलवार को ईडी ने पीसीसी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड पर लिया है। इस सभा को पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक कुंवर सिंह निषाद, रामकुमार यादव, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा समेत कई नेता मौजूद रहे।
शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा केन्द्र एवं राज्य की भाजपा सरकार द्वारा लगातार राष्ट्रीय जांच एजेंसी ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग करते हुए भाजपा सरकार अपनी तानाशाही रवैया का परिचय देते हुए डर एवं दहशत का माहौल बना रहा है ।
इधर आप ने कहा-दोनों पार्टियों की मिलीभगत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। शराब घोटाले में आईएएस अधिकारियों से लेकर उच्च स्तर के नेता गिरफ्तार हुए? अब कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपालअग्रवाल की गिरफ्तारी यह प्रमाणित करती है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में शराब के पैसों का खुलकर दुरुपयोग किया गया और इस पैसे से चुनाव लड़ा गया।
आम आदमी पार्टी प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय एवं कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा है कि प्रमुख बड़े मगरमच्छ अभी भी गिरफ्तारी से मुक्त हैं।
श्री झा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने शराब घोटाले की सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश अथवा सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जयसवाल, संगठन सचिव तेजेंद्र तोडेकर, नंदन कुमार सिंह, मिहिर कुर्मी, सुरेंद्र बिसेन, अजीम खान, परमानंद जांगड़े, इमरान खान ज्योति तिवारी, नवनीत नंदे, सागर क्षीरसागर, कलावती मार्को, श्याम शर्मा, आर एस ठाकुर, शिव शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, शकुंतला शुक्ला, राज शर्मा, अन्यतम शुक्ला, कुलदीप खनूजा,संतोष कुशवाहा, आदि नेताओं ने शराब घोटाले व उसकी कमाई का खुला दुरुपयोग करने की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री से मांग की है कि इसका निष्पक्ष सीबीआई जांच कराया जावे, ताकि परदे के पीछे छुपे बड़े मगरमच्छों को भी गिरफ्तार हो सके। श्री झा ने कहा है कि वैसे भी ढाई साल के सरकार में शराब घोटाले में केवल कागजी कार्रवाई करना दोनों पार्टी की मिली भगत होना तथा एक दूसरे को सत्ता में आने के बाद विपक्ष में रहते हुए बचाने का प्रयास किया जाता है।