रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। दो साल पहले रायपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास 7.700 किलो गांजा के साथ पकड़े गए आरोपी को विशेष अदालत ने दोषी करार दिया है। उसे सात साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर एक लाख रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर उसे एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
विशेष जज एनडीपीएस श्रीमती किरण थवाईत की अदालत ने यह फैसला 11 अगस्त सुनाई। आरोपी की पहचान जयबिग वर्मा 30, निवासी तारवा पश्चिम,जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। यह मामला गंज में दर्ज प्रकरण में सुनाया गया।
अभियोजन पक्ष के वकील बीएल साहू ने बताया कि गंज पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन चौक, गेट नंबर-2 के पास एक युवक दो काले रंग के बैग में गांजा लेकर खड़ा है।
मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम जयबिग वर्मा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखे दो बैग पन्नियों में पैक गांजा बरामद हुआ। गांजे का कुल वजन 7 किलो 700 ग्राम गांजा पाया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(२)(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन ने 10 गवाहों के बयान न्यायालय में दर्ज कराए। अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर जयबिग वर्मा को एनडीपीएस मामले में दोषी होना पाया। उसे 7 वर्ष के सश्रम कारावास और 1 लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।